संजय कपूर की 30 हज़ार करोड़ की संपत्ति पर विवाद, करिश्मा कपूर के बच्चों ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाज़ा

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और नामी बिजनेसमैन संजय कपूर का इसी साल 12 जून को लंदन में पोलो खेलते समय अचानक निधन हो गया था। उनके अचानक चले जाने ने सभी को चौंका दिया। अब उनकी करीब 30 हज़ार करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
संपत्ति को लेकर तनातनी सिर्फ परिवार के बीच ही नहीं, बल्कि अब यह मामला कोर्ट तक पहुंच गया है। संजय कपूर की मां रानी कपूर और पत्नी प्रिया सचदेव के बीच पहले ही खींचतान चल रही थी, और अब करिश्मा कपूर के दोनों बच्चे समायरा और किआन ने भी पिता की संपत्ति पर दावा ठोकते हुए हाईकोर्ट का रुख किया है।
बच्चों का आरोप – वसीयत फर्जी
पीटीआई के मुताबिक, समायरा और किआन ने मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें उन्होंने कहा है कि संजय कपूर की 21 मार्च 2025 की वसीयत संदिग्ध और फर्जी है। याचिका में दावा किया गया है कि न तो संजय कपूर ने कभी इस वसीयत का ज़िक्र किया और न ही सौतेली मां प्रिया सचदेव या किसी अन्य शख्स ने इसका जिक्र किया। बच्चों ने प्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कथित वसीयत उनकी गढ़ी हुई कहानी है। शिकायत में उनके दो सहयोगियों दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा के नाम का भी उल्लेख है।याचिका में बच्चों ने बताया कि 12 जून 2025 को पिता के निधन तक उनकी अपने पिता से बेहद नज़दीकी थी। वे अक्सर साथ यात्रा करते थे, छुट्टियां मनाते थे और यहां तक कि संजय कपूर अपने व्यावसायिक और निजी फैसलों में भी बच्चों को शामिल करते थे।