Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

तकनीकी खराबी के कारण अबू धाबी जा रहा इंडिगो विमान कोच्चि लौटा, 180 से अधिक यात्री सुरक्षित

कोच्चि | केरल के कोच्चि से अबू धाबी जा रहे इंडिगो के एक विमान को तकनीकी खराबी के चलते वापस कोच्चि हवाई अड्डे पर आपात रूप से उतारना पड़ा। उड़ान संख्या 6ई-1403 शुक्रवार रात 11 बजकर 10 मिनट पर कोच्चि से रवाना हुई थी। लगभग दो घंटे तक हवा में रहने के बाद विमान में तकनीकी दिक्कत सामने आई, जिसके बाद इसे वापस लौटने का निर्देश दिया गया। अंततः यह विमान देर रात करीब 1 बजकर 44 मिनट पर सुरक्षित कोच्चि हवाई अड्डे पर उतारा गया।

विमान में उस समय 180 से अधिक यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। रात करीब साढ़े तीन बजे यात्रियों को एक अन्य विमान से अबू धाबी भेजा गया। उड़ानों पर नज़र रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, इस उड़ान का संचालन एयरबस ए320 नियो विमान से किया गया था।इंडिगो की ओर से इस घटना को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इंदौर में भी फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दिल्ली से इंदौर जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान में भी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई थी। विमान के इंजन में समस्या आने पर लैंडिंग से पहले पायलट ने ‘पैन-पैन’ संदेश जारी किया, जो गैर-जानलेवा आपात स्थिति को दर्शाता है। इसके बाद इंदौर एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने हवाई यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि एयरलाइंस और डीजीसीए का कहना है कि सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाता और आपात स्थिति में तय प्रोटोकॉल के अनुसार तुरंत कार्रवाई की जाती है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close