Main Slideप्रदेश

रांची में धूमधाम से मना करम पूजा महोत्सव-2025, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हुए शामिल

रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को रांची महिला महाविद्यालय के साइंस ब्लॉक स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में आयोजित “करम पूजा महोत्सव-2025” में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अखरा में स्थापित करम डाली के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की और शीश नवाकर समस्त झारखंडवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

परंपरा और संस्कृति से बंधा समाज – सीएम

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की पहचान इसकी समृद्ध परंपरा और संस्कृति से है। उन्होंने कहा, “हम सब लोग इस धरती की परंपराओं और संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए हैं। अलग-अलग वर्ग और समुदाय अपनी-अपनी रीति-रिवाजों और संस्कृति के साथ आगे बढ़ते हैं। इसी क्रम में आदिवासी समाज आज करम पर्व को उल्लास और श्रद्धा के साथ मना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बहनों ने बारिश के मौसम में एकत्र होकर करम पर्व की परंपरा को निभाया है। मौसम चाहे बारिश का हो, तूफान का या गर्मी का करम महोत्सव का आयोजन हमेशा पूरे उत्साह के साथ होता आया है। यह पर्व न केवल भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति आदरभाव को भी दर्शाता है।

आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है विरासत

सीएम सोरेन ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने करम पर्व जैसी परंपराओं को संरक्षित रखते हुए हमें सौंपा है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसे न सिर्फ अपनी पीढ़ी तक, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक भी श्रद्धा और सद्भाव के साथ पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समृद्ध परंपरा आने वाले समय में और मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।अंत में मुख्यमंत्री ने पूरे राज्यवासियों को करम महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close