Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

क्या दिल्ली से निकल सकता है रूस-यूक्रेन युद्ध का समाधान?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल के बावजूद रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। अलास्का में ट्रंप और पुतिन की ऐतिहासिक मुलाकात भी साढ़े तीन साल से जारी युद्ध को खत्म कराने की दिशा में कारगर साबित नहीं हो पाई। इसी बीच खबर है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की जल्द ही भारत का दौरा कर सकते हैं। इसके बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि क्या दिल्ली से शांति की कोई नई राह निकल सकती है।

जेलेंस्की का भारत दौरा

भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने पुष्टि की है कि जेलेंस्की के संभावित भारत दौरे को लेकर बातचीत चल रही है। हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई है। अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन दौरे के दौरान जेलेंस्की से मुलाकात की थी और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। अब दोनों देश इस दौरे की संभावित तारीख को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।

पुतिन भी आएंगे भारत

जेलेंस्की के संभावित दौरे के साथ-साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस साल भारत आने वाले हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार *अजित डोभाल* ने हाल ही में मॉस्को यात्रा के दौरान दी थी। भारत और रूस के बीच दशकों से गहरे संबंध रहे हैं, जबकि यूक्रेन के साथ भी भारत के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों नेताओं की यात्राओं के दौरान शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कोई ठोस पहल हो सकती है।

राजदूत का बयान

यूक्रेन के राजदूत पोलिशचुक ने कहा भारत और यूक्रेन के बीच भविष्य की रणनीतिक साझेदारी की घोषणा पर भरोसा कीजिए। इसमें अपार संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को भारत आने का न्योता दिया है और हम तारीख तय करने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यह दौरा द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊंचाई देगा।

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की पहले भी कई मौकों पर मिल चुके हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत की कूटनीतिक कोशिशें रूस-यूक्रेन युद्ध को थामने की दिशा में कोई सार्थक रास्ता दिखा पाएंगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close