राजनीतिराष्ट्रीय

बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव पर केस, बोले – ‘FIR से डरता कौन है?’

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव विवादों में आ गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर विवादित पोस्ट करने के आरोप में उनके खिलाफ महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज की गई है।

तेजस्वी यादव ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “FIR से डरता कौन है? ‘जुमला’ शब्द कहना भी अपराध हो गया है। सच बोलने से ये लोग घबराते हैं। हम किसी FIR से नहीं डरते और हम सच बोलते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग सच सुनने से घबराते हैं और इसी वजह से विपक्ष को डराने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने तेजस्वी का समर्थन करते हुए कहा, “भले ही हजार FIR दर्ज कर ली जाएं, इससे फर्क नहीं पड़ता। यह यात्रा भाजपा की विचारधारा से आज़ादी पाने के लिए है। हम अपना लक्ष्य हासिल करेंगे और वोट चोरी नहीं होने देंगे।”

आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव सरकार की नाकामियों को उजागर कर रहे हैं। भाजपा जानती है कि जनता उनके साथ है, इसलिए FIR का सहारा लिया जा रहा है, लेकिन इससे उनकी आवाज नहीं दबेगी।”

आरजेडी नेता संजय यादव ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव ने कौन-से गलत शब्द इस्तेमाल किए? 15 लाख रुपये हर खाते में देने का वादा किसने किया? हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किसने किया? बिहार को विशेष पैकेज और दर्जा देने का वादा किसने किया? अगर इन वादों की याद दिलाने पर FIR दर्ज होती है, तो देशभर के जिलों में FIR दर्ज करनी चाहिए।”

वहीं बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का प्रयोग करना ज़रूरी है, लेकिन उनकी सोच ऐसी नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में विकास हुआ है और प्रधानमंत्री भी मानते हैं कि बिहार अब बेहतर कर सकता है। इसलिए केंद्र सरकार बिहार को वित्तीय सहायता भी दे रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close