Main Slideराजनीतिराष्ट्रीय

दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमला, राजनीतिक दलों ने जताई कड़ी निंदा

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर सीएम आवास पर जनसुनवाई के दौरान हुए हमले ने राजधानी की राजनीति में हलचल मचा दी है। घटना के बाद कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और विभिन्न नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का नेतृत्व करती हैं और ऐसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। लेकिन इस हमले ने महिला सुरक्षा की सच्चाई भी सामने रख दी है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम महिला खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती है?

वहीं कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने घटना की निंदा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुखद है। राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं है। जिसने भी यह हमला किया है, उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। लेकिन भाजपा हिंसा की जननी है और लोग उससे नाराज़ हैं। जब अरविंद केजरीवाल पर हमला हुआ था, तब भाजपा कहती थी कि उन्होंने खुद हमले कराए। अब उन्हें खुद सोचना चाहिए कि यह हमला वास्तव में हुआ या साजिश थी। लेकिन अगर यह हमला हुआ है, तो मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करता हूं।

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आतिशी ने भी घटना को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं। मुख्यमंत्री पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करेगी। मेरी प्रार्थना है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हों।

इधर, पुलिस ने हमले के तुरंत बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर *सिविल लाइंस थाने* ले जाया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी अंजलि ने बताया, “जनसुनवाई का अधिकार सभी को है। मैं वहीं मौजूद थी। आरोपी पहले बात कर रहा था और अचानक उसने थप्पड़ मार दिया। यह बेहद गंभीर मामला है। पुलिस उसे तुरंत पकड़कर ले गई। इस घटना ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक माहौल को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close