अन्तर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में बाढ़ से हाहाकार, अब तक 200 से ज्यादा की मौत

नई दिल्ली। हाल के दिनों में भारत और पड़ोसी देशों में बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं ने भारी तबाही मचाई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर जन-धन का नुकसान हुआ है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में बादल फटने की घटना में लगभग 46 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

इसी तरह पाकिस्तान में भी अचानक आई बाढ़ ने तबाही का भयानक रूप ले लिया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कई जिलों में बाढ़ से सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार अब तक करीब 200 से अधिक लोगों की मौत हुई है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ बुनेर ज़िले में ही 150 से ज्यादा लोगों की जान गई है।

स्वात, बुनेर, शांगला, बाजौर, लोअर दीर, बट्टाग्राम और मनसेहरा ज़िलों में बाढ़ ने सबसे ज़्यादा नुकसान पहुँचाया है। सड़कें और पुल बह गए, मकान, स्कूल और अन्य ढांचे ढह गए। राहत एवं बचाव कार्य में 1122 आपदा प्रबंधन दलों को लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि बुनेर ज़िले से अब तक दो हज़ार से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें 300 से अधिक बच्चे भी शामिल हैं।

आपदा की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित इलाकों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। दूरदराज के इलाकों तक पहुँचने और फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए सेना और प्रशासन हेलीकॉप्टरों का सहारा ले रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close