प्रदेश

झारखंड में आतंक के बड़े चेहरे का खात्मा, सुरक्षाबलों ने नक्सली मार्टिन केरकेट्टा को किया ढेर

रांची। झारखंड के गुमला में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी नक्सली कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले के कामडारा थाना क्षेत्र अंतर्गत पारही जंगल में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के शीर्ष नक्सली नेता मार्टिन केरकेट्टा मारा गया है। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

मुठभेड़ में ढेर हुआ PLFI का सरगना

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने पारही जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान घने जंगलों में छिपे नक्सलियों ने पुलिस पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में PLFI का सरगना मार्टिन केरकेट्टा मारा गया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। कुछ के घायल होने की भी आशंका है।

अभियान की अगुवाई खुद एसपी ने की

इस ऑपरेशन का नेतृत्व गुमला के एसपी हरीश बिन जमा और बसिया के एसडीपीओ ने किया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान जंगल में आधा दर्जन से ज्यादा नक्सली सक्रिय थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद संभाली थी कमान

मार्टिन केरकेट्टा PLFI के पूर्व सरगना और 25 लाख के इनामी नक्सली दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद संगठन की कमान संभाल रहा था। वह झारखंड के अलावा बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी संगठन का विस्तार कर रहा था। लेवी वसूली और हिंसक वारदातों के जरिए वह इलाके में आतंक फैला रहा था।

नरसंहार में भी था आरोपी

मार्टिन पर गुमला के कामदारा क्षेत्र में हुए नरसंहार की घटना में शामिल होने का भी आरोप था। हालांकि उस घटना के समय वह बच निकला था, जबकि उसका साथी गज्जू गोप मारा गया था। गौरतलब है कि इससे पहले 26 जुलाई को गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के लावादाग जंगल में हुई मुठभेड़ में दिलीप लोहरा समेत तीन नक्सली मारे गए थे। राज्य सरकार की नीति के तहत सुरक्षा बल झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close