Main Slideराष्ट्रीय

हिंदी बनाम मराठी विवाद ने पकड़ा तूल, संसद की लॉबी में घिरे निशिकांत दुबे, बोले– ‘जय महाराष्ट्र’

मुंबई में गरमाए “हिंदी बनाम मराठी” विवाद की तपिश अब दिल्ली की संसद तक पहुंच गई है। मंगलवार को संसद भवन की लॉबी में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे और कांग्रेस की महिला सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इंडिया टीवी से बातचीत में दावा किया कि उन्होंने अन्य मराठी सांसदों के साथ मिलकर निशिकांत दुबे को उनके हालिया बयान पर घेरा।

क्या है विवाद की जड़?

दरअसल, बीते दिनों निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों पर हो रहे हमलों को लेकर बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था, “अगर तुम्हें इतनी हिम्मत है, तो उर्दू, तमिल, तेलुगु बोलने वालों को भी पीटो। अगर तुम बॉस हो, तो महाराष्ट्र से बाहर निकलो, यूपी-बिहार आओ, ‘पटक पटक कर मारेंगे’।” उनका यह बयान मराठी नेताओं और सांसदों को नागवार गुजरा।

संसद में हुआ हंगामा

वर्षा गायकवाड़ ने बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे संसद की लॉबी में महाराष्ट्र के सांसद निशिकांत दुबे को खोज रहे थे। इसी दौरान दुबे खुद उनके पास आ गए। वहां कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, प्रतिभा धानोरकर, शोभा बच्छाव समेत अन्य महिला सांसदों ने उन्हें घेर लिया और सवाल दागा– “आप महाराष्ट्र के खिलाफ ऐसा बयान कैसे दे सकते हैं? बताइए, किस-किस को पटक-पटक कर मारेंगे?”गायकवाड़ के मुताबिक, महिला सांसदों के आक्रामक तेवरों को देख दुबे सहम गए और जवाब में बोले– “नहीं-नहीं, जय महाराष्ट्र।” इसके बाद वह वहां से निकल गए।

राजनीतिक बयानबाज़ी तेज

इस पूरे घटनाक्रम के बीच संसद की कैंटीन के पास माहौल गर्मा गया। कई सांसद वहां जमा हो गए। उधर, दुबे अपने बयान पर कायम हैं और इसे बीएमसी चुनाव के मद्देनज़र विपक्ष की घटिया राजनीति बता रहे हैं।मुंबई में हाल ही में मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा हिंदी भाषी लोगों से मारपीट के वीडियो सामने आने के बाद यह विवाद भड़का था। अब यह मुद्दा क्षेत्रीय राजनीति से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति का रंग लेने लगा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close