प्रदेश

धनबाद में अवैध कोयला खदान धंसी, 9 मजदूरों की मौत, कई अभी भी मलबे में दबे

धनबाद। झारखंड के धनबाद ज़िले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बाघमारा थाना क्षेत्र के ब्लॉक-2 स्थित केशरगढ़ इलाके में अवैध रूप से संचालित एक कोयला खदान में चाल धंसने से कम से कम 9 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मजदूर अवैध खनन में लगे हुए थे और खदान की एक दीवार अचानक धंस गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल मलबे के नीचे दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

विधायक सरयू राय ने उठाए सवाल

इस हादसे को लेकर झारखंड के पूर्व मंत्री और विधायक सरयू राय ने भी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जमुनिया क्षेत्र में अवैध खनन के कारण 9 लोगों की जान चली गई है और खनन माफिया शवों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। सरयू राय ने यह भी आरोप लगाया कि चुनचुन नामक व्यक्ति स्थानीय संरक्षण में अवैध खनन करा रहा था। उन्होंने धनबाद एसएसपी को इस घटना की सूचना दी है।

अवैध खनन बना बड़ा खतरा

धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई है। प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद इन गतिविधियों पर लगाम नहीं लग पाई है। पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई जानें जा चुकी हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close