Main Slideराष्ट्रीय

शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन पर रवाना, पीएम मोदी बोले- 1.4 अरब भारतीयों की उम्मीदें लेकर गए अंतरिक्ष

नई दिल्ली/फ्लोरिडा| भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर से एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए रवाना हो गए हैं। शुभांशु के साथ तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री भी इस मिशन का हिस्सा हैं। नासा और एक्सिओम स्पेस के इस साझा मिशन को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से मंगलवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे लॉन्च किया गया।

इस ऐतिहासिक उड़ान के साथ ही शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर अग्रसर हैं। इस मिशन की कुल अवधि 14 दिन की है, जिसमें सभी अंतरिक्ष यात्री आईएसएस पर शोध और वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।

लॉन्चिंग के तुरंत बाद शुभांशु ने अंतरिक्ष से देश के नाम संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने भारत के प्रति अपनी भावनाएं और गौरव व्यक्त किया। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मिशन की सफलता पर प्रतिक्रिया दी है।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेस मिशन के सफल लॉन्च का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं। उनके साथ सभी अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएँ!”

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भी लॉन्चिंग के बाद सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, “हमने एक्सिओम मिशन 4 की उड़ान भरी है। एक्स-4 मिशन 25 जून को सुबह 2:31 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे) लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से उड़ान भर गया, जिसमें चार निजी अंतरिक्ष यात्री 14 दिनों के मिशन पर स्पेस स्टेशन गए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close