पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की 15वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सीएम नीतीश कुमार

जमुई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड स्थित नया गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की 15वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री सुबह 11:15 बजे हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी और सुमित सिंह समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। दिग्विजय सिंह का जमुई और बांका जिलों में गहरा राजनीतिक प्रभाव रहा है।
कार्यक्रम के मद्देनज़र सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुंगेर जोन के अंतर्गत आने वाले मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और जमुई जिलों से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। हेलीकॉप्टर लैंडिंग क्षेत्र से 5 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई।आवागमन करने वाले लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और कार्यक्रम स्थल के आसपास का पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। हालांकि, सुरक्षा के इन कड़े उपायों के कारण स्थानीय लोगों को कुछ घंटों तक असुविधा का सामना भी करना पड़ा।