श्राद्ध के 11 दिन बाद अचानक घर लौटी ‘मृत’ महिला

बिहार के छपरा जिले के रिविलगंज प्रखंड के भादपा गांव से एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिस महिला का अंतिम संस्कार हो चुका था, श्राद्ध कर्म भी पूरे विधि-विधान से किया गया था, वह महिला अचानक अपने घर लौट आई। इस घटना ने न सिर्फ गांव वालों को, बल्कि स्थानीय प्रशासन को भी हैरानी में डाल दिया है।
मामला रिविलगंज के मोहब्बत परसा पंचायत स्थित भादपा नया बस्ती का है, जहां रहने वाले राम स्वरूप राय की पत्नी रमा देवी (45 वर्ष) 17 मई को अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिवार वालों ने हर जगह उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच 26 मई को सरयू नदी के थाना घाट के पूर्वी किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ। शव बुरी तरह सड़-गल चुका था, लेकिन शरीर की बनावट रामा देवी से मेल खाती लगी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और संदेह जताया कि यह शव रामा देवी का ही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पूरे गांव और परिवार के लोगों की उपस्थिति में शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद 11 जून को रमा देवी का श्राद्धकर्म भी सम्पन्न हो गया। परिवार इस दुखद घटना को नियति मानकर स्वीकार कर चुका था। लेकिन कहानी ने एक अप्रत्याशित मोड़ तब लिया, जब 22 जून की सुबह रमा देवी खुद अपने घर लौट आईं। उन्हें दरवाजे पर देख पूरा परिवार हक्का-बक्का रह गया। आसपास के लोग भी यह खबर सुनकर घर पर जमा हो गए। सबके दिमाग में एक ही सवाल था- “जो महिला मर चुकी थी, वह जिंदा कैसे?”