ब्वॉयफ्रेंड निकला हरियाणवी मॉडल शीतल का कातिल, प्रेमी सुनील को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पानीपत। हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी का कातिल उसका शादीशुदा प्रेमी निकला। हरियाणा पुलिस ने सिम्मी चौधरी मर्डर केस का खुलासा करते हुए हरियाणवी मॉडल के शादीशुदा प्रेमी सुनील को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस आज कोर्ट में पेश करेगी। उसे कल रात गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पानीपत के एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि आखिरी समय में शीतल अपने बॉयफ्रेंड सुनील के साथ थी। पानीपत के एक नहर में सुनील की गाड़ी बरामद हुई थी। पुलिस को प्राथमिक जांच में अंदेशा है कि सुनील ने शीतल की हत्या की है।
पानीपत में शीतल की बहन नेहा ने इससे पहले मतलौडा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि 23 वर्षीय शीतल 14 जून को एक म्यूजिक वीडियो शूट के लिए अहर गांव गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। डीएसपी राजबीर सिंह ने पुष्टि की है कि शीतल की हत्या की गई है।