छत्तीसगढ़ में श्रमिक कल्याण की नई पहल: 38 हजार श्रमिकों को ₹19.71 करोड़ की सहायता, मेधावी बच्चों को ₹2-2 लाख प्रोत्साहन राशि

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों के 31 मेधावी छात्रों को ₹2-2 लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। यह कार्यक्रम रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम श्रमिक परिवारों के सशक्तिकरण और उत्थान के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। आपका सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत 38,200 निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ₹19.71 करोड़ की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की।
श्रमिकों के बच्चों के लिए विदेश अध्ययन तक की सहायता
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अगर कोई श्रमिक परिवार का बच्चा विदेश में पढ़ाई करना चाहता है तो ₹50 लाख तक की सहायता का प्रावधान किया गया है। उन्होंने प्रदेश की नई उद्योग नीति का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक ₹5 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिससे राज्य में वृहद रोजगार अवसरों का सृजन होगा।
उन्होंने श्रम मंत्री के रूप में अपने पूर्व अनुभव साझा करते हुए कहा, “मुझे प्रधानमंत्री मोदी के पहले कार्यकाल में श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी, और हमने न्यूनतम पेंशन सुधार सहित कई ऐतिहासिक कदम उठाए।”
श्रम कल्याण योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचे: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि हर जरूरतमंद श्रमिक लाभान्वित हो सके। उन्होंने पौष्टिक भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं का ज़िक्र किया।
चहुंमुखी विकास की दिशा में राज्य अग्रसर: उद्योग मंत्री
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि “मोदी की गारंटी” के तहत बीते डेढ़ वर्षों में सभी वादों को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि आज के दिन ही 31 मेधावी छात्रों को ₹62 लाख और अन्य योजनाओं के तहत 38,200 श्रमिकों को ₹19.71 करोड़ की सहायता दी गई।
कल्याणकारी योजनाएं और आंकड़े
डॉ. राम प्रताप सिंह, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने बताया कि मंडल की 31 योजनाओं के माध्यम से 29.47 लाख पंजीकृत श्रमिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता दी जा रही है। श्रमिक पंजीकरण श्रमेव जयते ऐप, लोक सेवा केंद्र या श्रम कार्यालय के माध्यम से कराया जा सकता है।
प्रमुख योजनाओं के लाभार्थी एवं वितरित राशि:
मिनीमाता महतारी जतन योजना: 1,915 श्रमिक – ₹3.83 करोड़
सायकल सहायता योजना: 279 श्रमिक – ₹10.33 लाख
श्रमिक औजार सहायता योजना: 6,319 श्रमिक – ₹2.19 करोड़
सिलाई मशीन योजना: 12 श्रमिक – ₹94,800
नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना: 4,825 श्रमिक – ₹96.17 लाख
नोनी बाबू शिक्षा सहायता योजना: 155 श्रमिक परिवार – ₹37.63 लाख
दीर्घायु सहायता योजना: 2 श्रमिक – ₹40,000
सुरक्षा उपकरण सहायता योजना: 4,939 श्रमिक – ₹74.08 लाख
खेल प्रोत्साहन योजना: 1 श्रमिक – ₹50,000
दीदी ई-रिक्शा योजना: 7 श्रमिक – ₹7 लाख
मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना: 264 श्रमिक – ₹2.64 करोड़
नोनी सशक्तिकरण योजना: 2,486 श्रमिक – ₹4.97 करोड़
श्रमिक सियान सहायता योजना: 372 श्रमिक – ₹74.40 लाख
निशुल्क गणवेश व किताब-कॉपी योजना: 15,066 श्रमिक – ₹2 करोड़
आवास सहायता योजना: 25 श्रमिक – ₹25 लाख