दिल्ली और आसपास के इलाकों में आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट, लोगों को गर्मी से काफी राहत

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आंधी और बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। तापमान में गिरावट से लोगों को उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। दोपहर बाद आसमान पर घने बादल छाने लगे। देखते ही देखते अंधेरा छाने लगा। इसी बीच तेज हवा के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी। आंधी के साथ हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया।
राजधानी दिल्ली में करीब 65 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कमोबेश यही हाल दिल्ली के आसपास के इलाकों को भी रहा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जैसे इलाकों में भी देखते ही देखते अंधेरा छाने लगा और तेज हवाएं चलने लगीं। तेज हवाओं के बाद बारिश शुरू हो गई। बता दें कि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में दिल्ली और आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान जताया था। आंधी और बारिश से इस पूरे इलाके में गर्मी का प्रभाव काफी कम हो गया है। सुबह से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने का अनुमान है।