दिल्ली में मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली। भारत में विभिन्न राज्यों में कुछ स्थानों पर बारिश जबकि कुछ जगहों पर तेज गर्मी देखने को मिल रही है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में जल्द मॉनसून की एंट्री भी हो जाएगी। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। आइए जानते हैं कि मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में कैसा रहने वाला है मौसम का हाल।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को बारिश और आंधी तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली मे आज 70 किलोमीटर प्रति घंट की रफ्तार से हवा चल सकती है। मॉनसून को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सकसेना ने अधिकारियों को मॉनसून की तैयारी युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही MCD को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में कैसे रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज और कल दोनों ही दिन गरज के साथ बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग की ओर से यूपी के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा समेत करीब 30 जिलों में बारिश का अनुमान है।