तिरंगा यात्रा : सेना ने रचा शौर्य और पराक्रम का नया इतिहास – मुख्यमंत्री मोहन यादव

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्तमान युग में एक नई शक्ति के रूप में उभर रहा है। मुख्यमंत्री शनिवार को भोपाल जिले के बैरसिया में वीर सैनिकों के सम्मान में निकाली गई ‘तिरंगा यात्रा’ में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से थल, वायु और नौसेना ने अद्वितीय साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारतीय सेना ने मात्र चार दिन के अल्प समय में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के मंसूबों को ध्वस्त किया गया है। आज कोई भी शक्ति भारत की प्रगति को रोक नहीं सकती।
हम सभी इस तिरंगा यात्रा से भारतीय सेना को सम्मान देने के लिए एकत्र हुए हैं। यह तिरंगा यात्रा ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक निरंतर आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हमारे शूरवीरों ने पाकिस्तान को आधी रात में ऐसा सबक सिखाया कि पाकिस्तान के साथ दुनिया के 200 देशों में से सिर्फ दो देश साथ आए, एक तुर्की और दूसरा अजरबैजान। अब देश की जनता तुर्की का बहिष्कार कर रही है और भविष्य में अजरबैजान के साथ भी ऐसा ही होगा।