पंजाब के जालंधर में पकड़ा गया ISI का जासूस

जालंधर। पंजाब के जालंधर में गुजरात पुलिस ने जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के थाना भार्गव कैंप के एरिया में छापेमारी कर पाकिस्तान को सूचना देने वाले एक जासूस मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया है। गुजरात पुलिस जालंधर की सिटी पुलिस की मदद से इस तक पहुंची और गिरफ्तार किया गया। गुजरात पुलिस मोहम्मद मुर्तजा अली को अपने साथ लेकर गई।
गुजरात पुलिस और जालंधर की भार्गव कैंप पुलिस ने अवतार नगर में छापेमारी कर मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। मोहम्मद मुर्तजा अली ने जालंधर के गांधी नगर में किराए के मकान ले रखा था, वहीं पर वो रहता था।
जब भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में तनाव के हालात थे तो पाकिस्तान में भारतीय समाचार चैनल, वेबसाइट बंद हो गए थे। लेकिन मोहम्मद मुर्तजा अली सभी भारतीय समाचार चैनलों पर खबरें सुनता था और सारी जानकारी ISI को मुहैया करवाता था।
जिसके जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI भारत के अंदर चल रहे हालात पर नजर रख रही थी। ये सारा काम अली खुद की बनाई एक मोबाइल ऐप के जरिए करता था, भारतीय चैनलों की सारी जानकारी वो इस ऐप में अपलोड करता था। अली ने इस ऐप का एक्सेस उपलब्ध कराने के लिए पाकिस्तान से काफी पैसा भी मांगा।