Main Slideखेल

आईपीएल 2025 : मुंबई इंडियंस की लगातार छठी जीत, राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ की रेस से बाहर

जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 50वां मैच 1 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 217 रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स 16.1 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट हो गई।

इस तरह मुंबई इंडियंस ने 100 रन से मैच अपने नाम किया। मुंबई इंडियंस के रयान रिकेल्टन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गये। इस हार के साथ ही राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2025 में प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। वह इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बाद प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली दूसरी टीम है। उसके 11 मैच में सिर्फ 6 अंक हैं। वह आईपीएल 2025 की अंक तालिका में 8वें नंबर पर है।

मुंबई इंडियंस इस मैच से पहले आईपीएल 2025 की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर थी। अब राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद शीर्ष पर पहुंच गई। उसके अब 11 मैच में 14 अंक हैं। उसका नेट रनरेट 1.274 है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 10 मैच में 14 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट 0.521 है, इसलिए वह दूसरे स्थान पर खिसक गई।

मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2025 में यह लगातार छठी जीत है। आईपीएल में उसने 8 साल बाद किसी सीजन में लगातार 6 मैच जीते हैं। इससे पहले आईपीएल 2017 में उसने लगातार 6 मैच जीते थे। आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस की यह तीसरी सबसे बड़ी जीत है। मुंबई इंडियंस ने 2012 के बाद सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत हासिल की है। मुंबई इंडियंस की ओर से कर्ण शर्मा ने 23 रन पर 3, जसप्रीत बुमराह ने 15 रन पर 2 और ट्रेंट बोल्ट ने 28 रन पर 3 विकेट लिये। दीपक चाहर और हार्दिक पंड्या भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close