खेत में काम कर रहे तीन लोगों पर तेंदुए ने किया हमला, घटना की सूचना मिलते ही पहुंची वन विभाग की टीम

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शुक्रवार को तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हो गए। दरअसल कतर्नियाघाट जंगल से सटे सुजौली ग्राम पंचायत में नहर के पास तेंदुए ने खेतों में काम कर रही एक महिला समेत तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना के फौरन बाद ही तेंदुए को स्थानीय ग्रामीणों ने घेर लिया। इसके बाद आनन-फानन में इस घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना था कि तेंदुआ संभवत: इस हमले के बाद तेंदुआ जंगल की ओर निकल गया, लेकिन ग्रामीणों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और अब भी उसे घेरे हुए हैं।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर से बात करते हुए कहा कि छोटी नहर के पास तेंदुए ने तीन लोगों पर हमला कर दिया, जिनकी पहचान गीता, चंद्रिका और धर्मेंद्र के रूप में हुई है। इस हमले में तीनों लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए के हमले की बात सुनकर घटनास्थल पर करीब 400 लोग इकट्ठा हो गए और एक खेत में ही तेंदुए को घेर लिया।
वन विभाग, पुलिस व प्रशासन द्वारा भीड़ को समझाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद काफी लोग वहां से चले गए, बावजूद इसके 100 लोग घटनास्थल पर ही डटे रहे। उन्होंने बताया कि तेंदुए को सही सलामत निकालने के लिए वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम अब भी वहां है। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि संभावना है कि तेंदुआ जंगल की ओर चला गया है, क्योंकि खेत में किसी प्रकार की हलचल देखने को नहीं मिल रही है। शिवशंकर ने कहा कि तेंदुए के हमले से बचाव के लिए एहतियातन रूप से ट्रंकुलाइजेशन टीम के पास मौजूद है। वहीं तेंदुए को पकड़ने के लिए खाबड़ लगाया गया है।