गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, 12 मजदूरों की मौत, कई घायल

बनासकांठा। गुजरात के बनासकांठा में मंगलवार को पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से 12 मजदूरों की मौत हो गई। जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या अभी बढ़ सकती है। डीसा के धुनवा रोड स्थित यह फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित थी। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार आग की घटना बाॅयलर फटने के कारण हुई है। आग लगने के बाद फायर टेंडर मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुटी। वहीं आग के कारण फैक्ट्री की पहली मंजिल ढह गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए मृतकों और घायलों को हाॅस्पिटल पहुंचाया। आग के कारण फैक्ट्री का स्लैब टूट गया। जिसके कारण बचाव कार्य में बाधा आई। आग लगने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिस कंपनी में आग लगी, उसका नाम दीपक टेडर्स है। कंपनी में पटाखे बनाए जाते हैं। हालांकि अभी तक कंपनी के पास इसका लाइसेंस था या नहीं इसकी जानकारी नहीं सामने आई है।
डीसा विधायक प्रवीण माली ने बताया कि फैक्ट्री के मलबे के नीचे अभी भी मजदूर दबे हुए हैं। हालांकि पांच लोगों को बचा लिया गया है और अस्पताल ले जाया गया है। जिनका इलाज चल रहा है। तीन लोग 40 प्रतिशत से अधिक जल गए डीसा एसडीएम नेहा पांचाल ने बताया कि घटना में सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल छह लोगों का इलाज चल रहा है। उनमें से तीन लोग 40 प्रतिशत से अधिक जल गये हैं। उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है। जल्द ही हादसे की सही वजह का पता लगा दिया जाएगा।