महिला ने अपने ही पति के काले कारनामों का किया खुलासा, दूसरी महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर करता था ब्लैकमेल

महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला ने अपने ही पति के काले कारनामों का खुलासा करते हुए उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पता चला है कि आरोपी दूसरी महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल करता। उनके साथ रेप करता और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठता था। इतना ही नहीं अपनी पत्नी को भी अक्सर प्रताड़ित करता रहता था। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अब्दुल शारिक कुरैशी उर्फ साहिल के रूप में हुई है।
अब्दुल शारिक नागपुर के टेक बाजार इलाके में पान की दुकान चलाता था। आरोपी की पत्नी ने बताया कि साल 2021 में उसकी शादी हुई थी और उन्हें एक तीन साल की बेटी भी है। वो बहुत शातिर और हैवान है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने मेरिटल स्टेटस छिपाकर लड़कियों व महिलाओं को जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाता था। इसी दौरान वह महिलाओं का आपत्तिजनक वीडियो बनाता था और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करता था। यही नहीं, आरोपी अपनी पत्नी पर भी अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था।
जब 24 वर्षीय पीड़ित महिला को अपने पति की हरकतों पर शक होने लगा तो अपने एक रिश्तेदार की मदद से उसके फोन को क्लोन करके उसका व्हाट्सऐप को हैक कर लिया। उसने जब उसका व्हाट्सऐप चेक किया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे पता चला कि आरोपी के कई महिलाओं से संबंध हैं। इनमें कई नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं। उसने उनके अश्लील वीडियो और तस्वीरें भी बनाई हैं जिनके जरिए वो उन महिलाओं और लड़कियों को ब्लैकमेल कर रहा था।