ईद के मौके पर बंगाल में दंगे भड़काने की साजिश रची जा रही, सीएम ममता बनर्जी का बड़ा आरोप

देश के विभिन्न हिस्सों में ईद का पर्व खुशियों के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। अनेक दलों के नेता भी ईद के मौके पर मुस्लिम समाज के साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा आरोप लगाया है। कोलकाता में ईद की नमाज के दौरान सीएम ममता बनर्जी ने कहा- “बंगाल में दंगे भड़काने के लिए उकसावे की कोशिशें की जा रही हैं, इन जाल में न फंसें। बंगाल सरकार अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी है, कोई भी राज्य में तनाव नहीं भड़का सकता।
ईद के मौके पर कोलकाता में ईदगाह में पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा- “हम धर्मनिरपेक्ष हैं। नवरात्रि चल रही है, मैं इसके लिए भी शुभकामनाएं देती हूं, लेकिन हम नहीं चाहते कि कोई अराजकता फैलाए। आम लोग अराजकता नहीं फैलाते, बल्कि राजनीतिक दल ऐसा करते हैं। यह शर्म की बात है। हम सभी धर्मों के लिए अपनी जान कुर्बान करने के लिए तैयार हैं। बहुसंख्यकों का कर्तव्य अल्पसंख्यकों की रक्षा करना है, और अल्पसंख्यकों का कर्तव्य बहुसंख्यकों के साथ रहना है।
ममता बनर्जी ने ईद के मौके पर कहा कि वह ईद के लिए जल्दी से लंदन से वापस आ गईं। ममता ने कहा- “सब शांति से रहे, सौहार्द के साथ रहें। हमारा हर धर्म, हर उत्सव सबके लिए है। हम हर समय आपके साथ हैं। हमसे पूछा गया था वाम और राम एक साथ। मुझसे पूछा क्या मैं हिन्दू हूं? मैंने गर्व से साथ कहा मैं हिंदू भी हूं, मैं मुस्लिम भी हूं। वो लोग विभाजन करना चाहते हैं। वो लोग साजिश के तरह दंगा करना चाहते हैं, आप उनके ट्रैप में मत पड़िए। आपके साथ दीदी है, अभिषेक है, पूरा सरकार है। यहां दंगे के लिए राष्ट्रपति शासन की बात कह रहे हैं। मणिपुर, उत्तरप्रदेश में क्या हुआ? पहले संविधान को सलामत रखो। दंगा कोई आम जनता नहीं करती है, बल्कि राजनीतिक पार्टी करती है।







