देश के 14 राज्यों में अगले तीन दिन होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने दी जानकारी

नई दिल्ली। देश के 14 राज्यों में अगले तीन दिनों के दौरान झमाझम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। दिल्ली में तो आज बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, कई राज्यों में गरज के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, तेज हवाएं भी चलने की पूरी संभावना है।
इन राज्यों में झमाझम बारिश के आसार
मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्यों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। इसके साथ ही कई जगहों पर ओले भी पड़ सकते हैं। 20, 22 और 23 फरवरी को बिहार और गंगा के तटीय पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ आंधी, बिजली के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है।
यहां पर चलेंगी तेज हवाएं
इसके अलावा झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) के साथ आंधी और बिजली के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। 20 तारीख को उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
24 फरवरी से यहां पर शुरू होगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 24 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव में 24 और 25 फरवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मध्यम वर्षा/बर्फबारी हो सकती है। 20 से 23 फरवरी तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश होने की उम्मीद है। यहां पर तेज़ हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) चल सकती हैं।