Main Slideखेल

भारतीय हॉकी टीम की सेमीफाइनल में धमाकेदार एंट्री, ग्रेट ब्रिटेन को शूटआउट में 4-2 से हराया

नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम ने इंग्लैंड को शूटआउट में 4-2 से हरा दिया है। फुल टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा। फुल टाइम तक भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह (22वें मिनट) ने गोल दागा। वहीं, ग्रेट ब्रिटेन की ओर से ली मॉर्टन (27वें मिनट) ने गोल किया। इसके बाद मैच शूटआउट में चला गया। इसके बाद भारत ने रोमांचक शूटआउट में ग्रेट ब्रिटेन को 4-2 से हराया।

इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार ओलंपिक में हॉकी के सेमीफाइनल में एंट्री की है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक 2020 में भी भारत सेमीफाइनल में पहुंचा था। तब भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस बार भी टीम इंडिया से पदक की उम्मीदें हैं। भारत और ग्रेट ब्रिटेन दोनों टीमों ने पहले क्वार्टर में कमाल का प्रदर्शन किया और गोल करने के कई प्रयास किए। लेकिन दोनों टीमों से किसी को भी सफलता नहीं मिली। पहले क्वार्टर में पीआर श्रीजेश ने ग्रेट ब्रिटेन की तरफ से किए गए कई बेहतरीन गोल बचाए। भारत को भी पेनाल्टी कॉर्नर मिले। लेकिन भारतीय टीम गोल नहीं कर सकी। इस तरह से पहला क्वार्टर गोल रहित रहा।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय हॉकी टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने के कई मौके बनाए। इसी क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ी अमित रोहिदास को रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद भारतीय टीम ने बचा हुआ मुकाबला 10 प्लेयर्स के साथ खेला। भारतीय टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह का इस मैच में भी दमदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 22वें मिनट में गोल कर दिया। लेकिन इसके बाद ग्रेट ब्रिटेन के ली मोर्टन ने गोल कर दिया। इसी की बदौलत ब्रिटेन ने मैच में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। भारत 10 प्लेयर्स के साथ खेल रहा था, तो ऐसे में लग रहा था कि ग्रेट ब्रिटेन की टीम आसानी से मुकाबला जीत जाएगी। पर पीआर श्रीजेश ने कोई गोल नहीं होने दिया।

निर्धारित समय तक मैच 1-1 से बराबर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट हुआ। इसमें भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, ललित उपाध्याय और राजकुमार पाल ने गोल किए। जबकि इंग्लैंड के दो शॉट पीआर श्रीजेश ने बचा लिए। वह भारत की जीत में सबसे बडे़ नायक साबित हुए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close