नहीं रहे बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी, 72 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

पटना। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का निधन हो गया है। वो 72 साल के थे। सुशील मोदी पिछले छह महीनों से कैंसर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका एम्स में इलाज चल रहा था। उनके निधन पर पीएम मोदी, अमित शाह से लेकर भाजपा के तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। उनके निधन पर तेजस्वी यादव और लालू यादव ने भी शोक जताया है।
अपने तीन दशकों से अधिक के राजनीतिक करियर के दौरान सुशील कुमार मोदी ने विधायक, एमएलसी, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया। वो लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद सहित सभी 4 सदनों के सदस्य रहने वाले बिहार के चंद नेताओं में से एक थे। उन्होंने 2005 से 2013 तक और फिर 2017 से 2020 तक बिहार के उपमुख्यमंत्री का पद भी संभाला।
गृह मंत्री अमित शाह ने सुशील मोदी के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा, “हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं. आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया. ABVP से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया. उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही. उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता. दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. ॐ शांति शांति.”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है. उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था. उन्होंने बिहार में पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए काफ़ी परिश्रम किया. बिहार के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे. ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे. ओम शान्ति!