उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने भरी दोपहरी में काटी गेहूं की फसल, देखें तस्वीरें

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ग्राम केदारावाला जाते हुए खेत में गेहूं की फसल काट रही महिलाओं के पास पहुंच गईं। इस दौरान उन्होंने दरांती लेकर महिलाओं के साथ गेहूं काटना शुरू कर दिया। मंत्री ने फसल काटने वाली महिलाओं से उनकी दिनचर्या को लेकर बात की और उन्हें सम्मानित किया।
केदारवाला गांव के जंगल से गुजरते समय प्रदेश की खाद्य, महिला कल्याण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने खेतों में गेहूं की फसल काट रही महिलाओं को देखकर अपने काफिले को रुकवा लिया। इस दौरान मंत्री कार से उतरकर महिलाओं के पास पहुंचीं और उनसे खेती की कटाई के बारे में बात करने लगीं।
इसी बीच मंत्री ने एक महिला से दरांती लेकर गेहूं काटना शुरू कर दिया। उधर, मंत्री के खेत में मौजूद होने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने ग्राम प्रधान तब्बसुम इमरान से ट्रैक्टर व थ्रेशर के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं बेहद मेहनत व लगन से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं।

इसके बाद मंत्री ने नगर स्थित एफसीआई के गोदाम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी राशन के रखरखाव की जानकारी लेने के साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।