अब भक्त रात 11 बजे तक कर सकेंगे रामलला के दर्शन, मंदिर प्रशासन ने बढ़ाया समय
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन का समय बढ़ाने का फैसला लिया है। अब श्रद्धालु रात 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे। इससे पहले यह समय शाम 8 बजे तक ही था। इसके अलावा VVIP को आने से 10 दिन पहले प्रशासन, पुलिस या ट्रस्ट को सूचना देनी होगी।
भोग के समय 2 बार दर्शन रोका जाएगा, फिर श्रद्वालु मंदिर जा सकेंगे। आज भीड़ नियंत्रण के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था कल से बेहतर है। ट्रस्ट का कहना है कि मोबाइल मंदिर में नही जाएंगे।
यूपी के अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला के दर्शन का आज दूसरा दिन है। इस मौके पर भारी संख्या में रामभक्त अपने रामलला के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। व्यवस्था में किसी तरह की बाधा ना हो, इसलिए भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मिली जानकारी के मुताबिक, रामभक्तों की सुरक्षा के लिए 8 हजार पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं और 8 मजिस्ट्रेट स्पेसिफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस दौरान स्पेशल बसों और प्राइवेट गाड़ियों की एंट्री पर रोक लगी है।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अपने आराध्य के दर्शन के लिए वहां भक्तों का तांता लगा हुआ है। लोग दूर दूर से भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। भीषण ठंड में भी भक्तों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार शाम से प्रारंभ हुआ दर्शन का क्रम मंगलवार को कपाट बंद होने तक अनवरत रहा। मंगलवार दोपहर तक ढाई लाख लोग रामलला के दर्शन कर चुके थे। पट बंद होने तक ये आंकड़ा पांच लाख हो गया।