Main Slide

58 साल की जांबाज महिला ने आग में फंसे 20 लोगों की जान बचाई

नई दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक फैक्ट्री में सोमवार को लगी आग में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं,कई लोग फैक्ट्री के अंदर फंस गए। राहत की बात ये है कि इमारत में फंसे कई लोगों की जान एक महिला की बहादुरी से बच गई।

फैक्ट्री में फंसे 20 लोगों को 58 साल की एक जांबाज महिला ने अपनी जान पर खेलकर बचा लिया। इस बहादुर महिला का नाम ज्योति वर्मा है, जो सुल्तानपुरी में रहती हैं।

सोमवार शाम करीब छह बजे फैक्ट्री में आग लग गई। आगजनी के वक्‍त महिला अपने घर में थी। 58 साल की ज्योति वर्मा घर में खाना बना रही थी, तभी उन्हें आवाज सुनाई दी।

फैक्ट्री में फंसे लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। लोगों की मदद के लिए महिला ने खिड़की से साड़ी दी। लेकिन आग में फंसे लोग इसका इस्तेमाल करने में घबरा रहे थे। इसके बाद महिला खुद छत पर चली गई। इस बीच ज्योति की मदद के लिए धर्मेंद्र नाम का पड़ोसी भी आ गया। दोनों ने मिलकर योजना बनाई और फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को सीढ़ी उपलब्‍ध कराई। इसकी मदद से करीब 20 लोगों की जान बच सकी।

ज्योति ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि कई लोग इमारत से कूदने की सोच रहे थे। तभी उन्होंने ऐसा करने से लोगों को रोका। इस पूरी घटना के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले 21 साल के मजदूर मोहम्मद अली ने कहा कि ज्योति और धर्मेंद्र हमारे लिए भगवान हैं। दोनों लोगों ने हमारी जान बचाई है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close