चंदौली में बीजेपी नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

चंदौली | जिले के चकिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्या के छोटे भाई संतोष सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे एक दो नाली बंदूक बरामद की गई है।
दुकान पर पहुंचा नशे में धुत युवक, कहासुनी के बाद चलाई गोली
जानकारी के मुताबिक, संतोष सिंह चकिया बाजार में परचून की दुकान चलाते थे। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह भी कुछ लोग उनकी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी प्रकाश जायसवाल नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा और वहां बैठे लोगों से अभद्रता करने लगा। जब संतोष सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की, तो बात बढ़ गई।
वहां मौजूद लोगों के अनुसार, प्रकाश जायसवाल गुस्से में घर गया और वहां से दो नाली बंदूक लेकर लौटा। लौटते ही उसने संतोष सिंह पर गोली चला दी। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल संतोष को तत्काल संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही चकिया से भाजपा विधायक, जिला अध्यक्ष और अन्य पार्टी कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए। भाजपा नेता के भाई की हत्या से कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है।
पुलिस कर रही जांच, हथियार की वैधता की हो रही पुष्टि
पुलिस ने आरोपी प्रकाश जायसवाल को हिरासत में ले लिया है और उसकी दो नाली बंदूक जब्त कर ली है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जब्त हथियार वैध है या अवैध। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। चंदौली पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।