अयोध्या में आज होगी राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, सीएम योगी होंगे मुख्य अतिथि

अयोध्या: अयोध्या के श्री रामजन्मभूमि मंदिर में आज सुबह 11 बजे राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके साथ ही उप मंदिरों में स्थापित मूर्तियों की भी प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शामिल होंगे। वे राम दरबार के विग्रह की आरती उतारेंगे। बता दें कि संयोग से आज सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भी है।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा और विशेष पूजा-अर्चना, हवन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देव विग्रहों की स्थापना होगी। राम मंदिर के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित भव्य रामदरबार और गर्भगृह के चारों कोनों में बने परकोटे के सात अन्य मंदिरों में भी प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। यह आयोजन 101 वैदिक आचार्यों द्वारा संपन्न होगा।
अभिजीत मुहूर्त और स्थिर लग्न में प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह पूजा 17 मिनट के विशेष कालखंड में होगी जो दिन के 11.45 बजे से 12.45 बजे के बीच होता है। ऐसी मान्यता है कि अभिजीत मुहूर्त दिन का सबसे शुभ और पवित्र समय होता है। इसलिए इसी समय में रामदबार में प्राण प्रतिष्ठा होगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ आज सुबह 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। श्रीरामकथा पार्क के हेलीपैड से वे सीधे हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन करेंगे। फिर राम मंदिर परिसर में आयोजित रामदरबार प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे महंत नृत्य गोरपाल दास के जन्मोत्सव में शामिल होने मणिराम दास छावनी जाएंगे। इसके बाद वे रामकथा पार्क में नगर निगम और वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।