अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, कहा- महीने पहले तैयार हो गया था भाजपाई एग्जिट पोल, जनता को दिया जा रहा धोखा

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के बाद जारी हुए एग्जिट पोल के नतीजों में NDA को प्रचंड बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि इंडी गठबंधन इन एग्जिट पोल्स के नतीजों को मानने को तैयार नहीं है। इंडी गठबंधन के तमाम नेता इन आंकड़ों को झूठा साबित करने में लगे हुए हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एग्जिट पोल को झूठा ही बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। अपनी पोस्ट के जरिए उन्होंने एग्जिट पोल की क्रोनोलॉजी समझाई है।
अखिलेश यादव ने लिखा है ‘विपक्ष ने पहले ही घोषित कर दिया था कि भाजपाई मीडिया भाजपा को 300 पार दिखाएगा, जिससे घपला करने की गुंजाइश बन सके। आज का ये भाजपाई एग्जिट पोल कई महीने पहले ही तैयार कर लिया गया था बस चैनलों ने चलाया आज है। इस एग्जिट पोल के माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है। इस एग्जिट पोल को आधार बनाकर भाजपाई सोमवार को खुलने वाले शेयर बाजार से जाते-जाते लाभ उठाना चाहते हैं।’
उन्होंने आगे लिखा है कि ‘इंडिया गठबंधन के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशी ईवीएम की निगरानी में एक प्रतिशत भी चूक न करें। इंडिया गठबंधन जीत रहा है। इसीलिए चौकन्ने रहकर मतगणना कराएं और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही विजय का उत्सव मनाएं।’ एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा है कि ‘Exit Poll का आधार EVM नहीं DM है। प्रशासन याद रखे जनशक्ति से बड़ा बल और कोई नहीं होता।’