Main Slideउत्तराखंड

मंत्री धन सिंह रावत की अभद्रता से चोपड़ा गांव में फैला आक्रोश

महिलाओं ने मार्ग पर पेड़ काटने के विरोध में किया था प्रदर्शन

उत्तराखंड क्रांति दल की महानगर इकाई ने चोपड़ा ग्राम पंचायत के खनकिल गांव में सड़क का उद्घाटन करने पहुंचे उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत द्वारा ग्रामीण महिलाओं से अभद्रता करने और ग्रामीणों के सवाल का जवाब दिए बगैर पीठ दिखाकर भागने के विरोध में मंत्री का पुतला जलाकर कर आक्रोश जताया है।

खनकिल की घटना के वायरल वीडियो में धन सिंह रावत एक बुजुर्ग महिला को धक्का मारकर मौके से भागते हुए दिख रहे हैं। इस घटना पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा,”  विधायक धन सिंह रावत के प्रति जनता की नाराजगी देखकर उनकी कार्यप्रणाली का अंदाजा लगाया जा सकता है। चाहे राजकुमार ठुकराल द्वारा सरेआम महिलाओं की पिटाई करने का मामला हो या धन सिंह रावत द्वारा महिलाओं से अभद्रता करने का मामला हो। दोनों ही घटनाओं से साफ पता चलता है कि बीजेपी की सरकार जनता की अपेक्षाओं पर फेल हुई है।”

” आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में जनता भारतीय जनता पार्टी के कुकर्मों का जवाब देगी। ऐसी घटनाओं के संदर्भ में आज पुतला दहन के माध्यम से उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश सरकार की कड़ी निंदा करता है।” संजय क्षेत्री ने आगे कहा।

क्या था पूरा मामला

रविवार को धन सिंह रावत थलीसैंण के पास चोपड़ा-खंडखिल संपर्क मार्ग का शिलान्यास करने गए थे। इसके बाद वो पास में ही अपने ननिहाल जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में स्थानीय लोगों ने मंत्री धन सिंह रावत का घेराव कर दिया। ग्रामीणों द्वारा संपर्क मार्ग के लिए पेड़ काटने का विरोध किया जा रहा है।

लोगों का कहना है कि जंगल की कीमत पर सड़क का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। वीडियो में दिख रहा है कि स्थानीय लोगों की राज्य मंत्री के साथ धक्का-मुक्की हुई। अब बीजेपी द्वारा इसे कांग्रेस का षड़यंत्र बताया जा रहा है।

उधर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री का भी इस बारे में बयान आया है। उनका कहना है कि ये वीडियो तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इसे उन्होंने कांग्रेस की सोची-समझी चाल बताया है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close