अन्तर्राष्ट्रीय

‘बांग्लादेश में स्थिर हुई रोहिंग्या शरणार्थियों की संख्या’

ढाका, 23 सितम्बर (आईएएनएस)| म्यांमार में हिंसा के कारण पलायन कर बांग्लादेश पहुंचे रोहिंग्या मुस्लिम अल्पसंख्यक शरणार्थियों की संख्या लगभग 430,000 पर स्थिर हो गई है। संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने यह जानकारी शनिवार को दी। एफे न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटर सेक्टर कोऑर्डिनेशन ग्रुप ने आंकड़ा जारी करते हुए एक बयान में कहा कि गुरुवार को जारी नवीनतम रिपोर्ट के बाद से इस संख्या में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। उस समय तक 429,000 रोहिंग्या मुसलमान बांग्लादेश पहुंचे थे।

शरणार्थियों का प्रवाह भले ही रुक गया है, लेकिन बांग्लादेश में संयुक्त राष्ट्र के कार्यालय ने पहले कहा था कि आने वाले हफ्तों में 200,000 या 300,000 तक शरणार्थियों की संख्या बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता क्योंकि हजारों रोहिंग्या म्यांमार से बांग्लादेश सीमा पार करने के लिए इंतजार कर रहे हैं।

कई सरकारी चौकियों पर रोहिंग्या विद्रोहियों के हमले के बाद म्यांमार सेना ने 25 अगस्त के बाद राखिने क्षेत्र में एक आक्रामक अभियान शुरू किया जिसके बाद रोहिंग्या लोगों का पलायन शुरू हुआ।

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त ने कहा था कि म्यांमार में रोहिंग्या समुदाय की ‘नस्लीय सफाई’ हो सकती है।

गैर सरकारी संस्थाओं ने म्यांमार में मानव अधिकारों के उल्लंघन की निंदा की और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने म्यांमार सरकार पर सेना के ऑपरेशन को रोकने को लेकर दबाव भी बढ़ा दिया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close