राष्ट्रीय

बिहार में मुखिया पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप

बिहार शरीफ , 22 सितंबर (आईएएनएस)| बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जनपद नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के एक ग्राम पंचायत के मुखिया पर एक नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़िता ने एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, चेरो ग्राम पंचायत के मुखिया राकेश पासवान पर गांव की ही एक नाबालिग लड़की ने दुष्कर्म का आारोप लगाते हुए महिला थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि 17 सितंबर को पीड़िता जब अपने घर से बाहर कुछ सामान लेने बाजार निकली तो मुखिया ने पीड़िता को जबरन अपनी गाड़ी पर बिठा लिया और किराए के एक मकान में ले गया, जहां बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

आरोपी ने पीड़िता को धमकी भी दी कि यदि उसने घटना की जानकारी किसी को दी तो उसके पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया जाएगा। इससे डरकर छात्रा ने किसी को भी इस बारे में नहीं बताया, लेकिन उसके परिवार वालों को इस बात की जानकारी हो गई।

बाद में परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। नालंदा महिला थाने की प्रभारी पिंकी प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि पीड़िता के बयान पर गुरुवार को महिला थाना में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close