Main Slide

उत्तराखंड के पूर्व सीएम एनडी तिवारी को हुआ ब्रेन स्ट्रोक, आईसीयू में भर्ती

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी को ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आईसीयू में भर्ती एनडी तिवारी की हालत नाजुक बनी हुई है।

एनडी तिवारी के पुत्र रोहित शेखर ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने तिलक मार्ग स्थित आवास में नाश्ता कर रहे थे। चाय पीने के दौरान वह अचानक बेहोश होकर नीचे गिर गए। जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि एमआरआई जांच में पता चला कि उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है।

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि एनडी तिवारी (91) की हालत गंभीर है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल में लगी है।

बता दें कि 91 साल के एनडी तिवारी यूपी के तीन बार तथा एक बार उत्तराखंड के सीएम रह चुके हैं। वह ऐसे एकमात्र भारतीय नेता हैं, जिन्होंने दो राज्यों की कमान संभाली।

उल्लेखनीय है कि मार्च 2014 में नारायण दत्त तिवारी ने रोहित शेखर को अपना बेटा माना था। रोहित को अपने पिता का नाम पाने के लिए छह साल तक कानूनी लड़ाई लडऩी पड़ी थी। तमाम कानूनी दांवपेच के बाद भी तिवारी को अपना डीएनए टेस्ट कराना पड़ा। इसमें यह साबित हुआ कि तिवारी ही रोहित शेखर के पिता हैं। इसके बाद तिवारी ने रोहित की मां उज्जवला शर्मा से शादी भी की थी।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close