उत्तर प्रदेश

उप्र : सीएम योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना, गिनाई 6 महीने की उपलब्धियां

लखनऊ| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को एक ओर जहां अपने सरकार की छह महीने की उपलब्धियों का बखान किया, वहीं पिछली सरकारों पर भी जमकर पलटवार किया। उन्होंने किसान फसल ऋणमोचन योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के एक ट्वीट पर चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश को किसान की सही परिभाषा नहीं मालूम है, इसीलिए वह उनका मजाक उड़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को लोकभवन में अपनी सरकार के कार्यकाल का छह माह पूरा होने के बाद ब्यौरा पेश कर रहे थे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री डॉ़ दिनेश शर्मा और केशव प्रसाद मौर्य भी थे।

योगी ने कहा, “भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हो गया है। अब यहां पर जनमानस अपने को सुरक्षित महसूस कर रहा है। हमारे कार्यकाल में पुलिस का मनोबल बढ़ा और बदमाशों पर शिकंजा कसा गया। पुलिस की उनसे आमने-सामने मुठभेड़ होने लगी। दर्जनभर से अधिक बदमाश मारे गए हैं और दो दर्जन से अधिक जेल में बंद हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रदेश में पुलिस का मनोबल बढ़ाना चुनौती थी। हमने इसको स्वीकार किया और आज यहां पुलिस फ्रंट पर आकर काम कर रही है। भाजपा की सरकार सरकार बनने के बाद प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। प्रदेश में निवेश फ्रेंडली माहौल नहीं था। उत्तर प्रदेश में बीते 15 वर्ष से अराजकता थी। छह महीने में 431 से अधिक मुठभेड़ हुईं, जिनमें 17 अपराधी मार गिराए गए। इसके साथ ही 69 अपराधियों की संपत्ति जब्त की गई।”

उन्होंने कहा, “आम जनमानस आज सुरक्षित महसूस कर रहा है। यहां पर हमारे छह महीने के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। प्रचंड बहुमत के अनुरूप हमारी कार्य पद्धति हो, ऐसी कार्यप्रणाली की जरूरत थी। उसको करके दिखाया है। हमने नैतिक जिम्मेदारी के साथ छह माह की सरकार का लेखा जोखा पेश किया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तक 33 लाख अपात्र राशन कार्डो को निरस्त कर पात्रों को राशन कार्ड दिया। इसके साथ ही 5000 से ज्यादा क्रय केंद्र खोले हैं। 33 लाख अपात्र राशन कार्डो को निरस्त कर पात्रों को राशन कार्ड दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस वर्ष 10 लाख नौजवानों को रोजगार-स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। युवाओं को प्रदेश में नौकरी के लिए काम किया जा रहा है। रोजगार के लिए छह महीने में पुलिस भर्ती प्रक्रिया बढ़ाई गई है। प्रदेश में इससे पहले तक नौकरियों में धांधली और अराजकता का माहौल था। हम आने वाले समय में पुलिस विभाग में 1़5 लाख भर्तियां करेंगे।”

उन्होंने दावा करते हुए कहा, “हम प्रदेश में एक अक्टूबर से सचिवालयों को ई-ऑफिस से जोड़ने जा रहे हैं। जो आम जन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। हमने हर किसान को ट्यूबवेल कनेक्शन देने का ऐलान किया है। हमने दस हजार सोलर पंप दिया है। प्रदेश में गन्ना किसानों का 95 फीसदी से अधिक भुगतान हो चुका है।”

योगी ने कहा कि प्रदेश में किसानों के लिए आलू का पहली बार समर्थन मूल्य जारी हुआ है। किसानों के लिए सरकार ने काफी काम किया है, किसानों का विश्वास जाग्रत किया है। सरकार 22 करोड़ जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए एयर कनेक्टिविटी पर काम किया जा रहा है। पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण लिए काम चल रहा है। दवा खरीद की केंद्रीय व्यवस्था की गई है, जिससे सरकारी अस्पतालों में होने वाली दवा खरीद में लूटपाट दूर होगी।

आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्वी यूपी के 38 जिलों में 92 लाख बच्चों को इंसेफेलाइटिस की वैक्सीन दी गई है। स्कूली बच्चों को जूते-मोजे दिए गए हैं और आने वाली सर्दियों में स्कूली बच्चों को स्वेटर भी दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “हमने 16 लाख परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया, जिसमें 6 लाख गरीबी रेखा से नीचे वाले परिवार हैं। 6 महीनों में यूपी देश में सबसे अधिक राजस्व वृद्धि वाला राज्य बना है।”

योगी ने कहा, “पिछले छह महीने में यूपी में एक भी दंगा नहीं हुआ। इससे पहले हर जिले में दंगे होते रहते थे। हमने किसानों के लिए ऋण माफी का ऐलान किया, उन्हें सर्टिफिकेट तक दे दिए।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश और जनोन्मुखी कार्य संस्कृति की पुरजोर हिमायत कर प्रदेश ने अपनी एक नई छवि गढ़ी है।

Tags
Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close